जर्जर पंचायत भवन, बरगद के नीचे हो रहे पंचायत कार्य डीएमएफ फंड से नए पंचायत भवन व पीडीएस भवन निर्माण की मांग

 जर्जर पंचायत भवन, बरगद के नीचे हो रहे पंचायत कार्य

डीएमएफ फंड से नए पंचायत भवन व पीडीएस भवन निर्माण की मांग

       मस्तूरी (बिलासपुर)।

ग्राम पंचायत अमलडीहा में पंचायत भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिससे वहां बैठना तक संभव नहीं रह गया है। पंचायत के समस्त आवश्यक कार्य बरगद के पेड़ के नीचे कराए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत में आज तक पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) भवन का निर्माण भी नहीं हो पाया है, जिसके कारण अनाज के भंडारण में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


इस संबंध में ग्राम पंचायत अमलडीहा के सरपंच द्वारा माननीय कलेक्टर, जिला बिलासपुर को ज्ञापन सौंपते हुए नवीन पंचायत भवन एवं पीडीएस भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की गई है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पंचायत क्षेत्र में वर्ष 2019 से फरवरी 2025 तक दो रेत खदानों का संचालन हुआ है, बावजूद इसके डीएमएफ (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) फंड से पंचायत में अब तक कोई भी आवश्यक निर्माण कार्य स्वीकृत नहीं किया गया।


सरपंच ने बताया कि पंचायत भवन के अभाव में जनहित से जुड़े कार्य प्रभावित हो रहे हैं और पीडीएस भवन न होने से शासन की खाद्य वितरण व्यवस्था भी सुचारू रूप से संचालित नहीं हो पा रही है।


ग्रामीणों ने भी जिला प्रशासन से मांग की है कि डीएमएफ फंड का उपयोग करते हुए शीघ्र पंचायत भवन एवं पीडीएस भवन का निर्माण कराया जाए, ताकि पंचायत कार्यों एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को व्यवस्थित किया जा सके।


इस ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत मस्तुरी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बिलासपुर को भी भेजी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने