ग्राम पंचायत लोहर्सी में चल रही देवी भागवत ज्ञान यज्ञ कथा, कथावाचिका सुश्री देव कुमारी ने दिया धर्मोपदेश
पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहर्सी में आदर्श चौक युवा समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित देवी भागवत ज्ञान यज्ञ कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कथा कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण श्रद्धालु भाग ले रहे हैं।
कथा के नौवें दिन कथावाचिका सुश्री देव कुमारी ने भक्तों को धर्म और दान का महत्व बताते हुए कहा कि गुप्त दान सबसे श्रेष्ठ दान होता है, जिससे पुण्य की प्राप्ति होती है और व्यक्ति के जीवन में सुख-समृद्धि आती है। उन्होंने धर्मराज, माता सावित्री तथा देवी पुराण की विभिन्न प्रेरक कथाओं का भी वर्णन किया।
कथा स्थल पर भजन-कीर्तन, आरती और प्रवचन के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन से गांव में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ी है और सामाजिक एकता को भी बल मिल रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में युवा समिति के सदस्य, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि तथा समस्त मोहल्लावासियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। कथा कार्यक्रम आगामी दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

