महाकाल दर्शन से लौटे परिवार के घर में चोरी, सोने-चांदी के जेवर व नकदी रूपए पार
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम कुकुरदी केरा में एक घर में अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर दी। पीड़ित परिवार उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए घर में ताला लगाकर गया हुआ था।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम कुकुर्वकिरा निवासी प्रमोद कुमार जायसवाल (38) किराना दुकान संचालक हैं। वे 8 मार्च 2026 की सुबह करीब 9 बजे पूरे परिवार के साथ उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए गए थे। 13 मार्च की सुबह करीब 7 बजे घर लौटने पर देखा कि दरवाजे का कुंडी-ताला टूटा हुआ था और घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित ने बताया कि बेडरूम में रखी अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था, जिसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण—हार, कंगन, मंगलसूत्र, अंगूठी, कान के टॉप, मांगटीका, नथ, चांदी की पायल और कमरबंध सहित करीब 70 हजार रुपये नकद गायब थे।
घटना की शिकायत पचपेड़ी थाने में की गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
