तहसील पचपेड़ी में व्यवहार न्यायालय खोलने की मांग तेज, व्यापारी संघ ने शासन से लगाई गुहार
पचपेड़ी तहसील क्षेत्र में व्यवहार न्यायालय खोलने की मांग को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से गुहार लगाई है। इस मांग को लेकर पचपेड़ी उपाध्यक्ष रमेश सूर्यकांत एवं समस्त व्यापारी संघ ने भी समर्थन देते हुए आवेदन प्रस्तुत किया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्तमान में न्यायालय संबंधी कार्यों के लिए लोगों को बिलासपुर जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक और शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जोंधरा से बिलासपुर की दूरी लगभग 60 किलोमीटर होने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों एवं व्यापारियों ने बताया कि छोटे-छोटे न्यायिक कार्यों के लिए भी पूरा दिन खर्च हो जाता है। इससे आम जनता, व्यापारी वर्ग, बुजुर्ग एवं महिलाओं को विशेष परेशानियां उठानी पड़ती हैं। यदि तहसील पचपेड़ी में व्यवहार न्यायालय की स्थापना हो जाती है तो आसपास के गांवों एवं कस्बों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
पचपेड़ी उपाध्यक्ष रमेश सूर्यकांत एवं समस्त व्यापारी संघ ने शासन प्रशासन से मांग करते हुए कहा है कि आम जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए तहसील पचपेड़ी में जल्द से जल्द व्यवहार न्यायालय खोलने की अनुमति प्रदान की जाए, ताकि लोगों को न्यायिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें और बिलासपुर का बार-बार चक्कर न लगाना पड़े।
यह आवेदन 12 मई 2026 को शासन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

