खबर का असर: कृषि विभाग की कार्रवाई, पटेल कृषि केंद्र भटचौरा को कारण बताओ नोटिस जारी
मस्तूरी/पचपेड़ी। जनता की आवाज न्यूज़ द्वारा पटेल कृषि केंद्र, भटचौरा में खाद की कथित अनियमित बिक्री एवं नियमों के उल्लंघन का मामला प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद कृषि विभाग ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
दिनांक 03 अगस्त 2026 को उर्वरक निरीक्षक एवं वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मस्तूरी ए. के. आहिरे के नेतृत्व में गठित टीम ने उर्वरक विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में बलभद्र परिहार, नवीन मेश्राम, एस. सी. कौशल (ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी) एवं क्षेत्रीय कृषक मित्र शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान पटेल कृषि केंद्र, भटचौरा में उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश के तहत कई अनियमितताएं पाई गईं। जांच में अनुमोदित स्रोत पत्र की अवधि समाप्त होने के बाद भी उर्वरकों का भंडारण, बिक्री के लिए उर्वरक की बोरियां खुली रखना, अभिलेखों का सही संधारण नहीं करना तथा आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध नहीं कराना जैसी कमियां सामने आईं।
इन अनियमितताओं के आधार पर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही उर्वरक (गुण नियंत्रण) आदेश की धारा 28 के तहत केंद्र में भंडारित उर्वरकों के विक्रय पर 07 दिनों के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा कमियों का निराकरण नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।

