कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा पेपर लीक 2 घंटे पहले व्हाट्सएप पर वायरल सेट में लिखा 100% गारंटी पर्चा 5रद
रायपुर। नीट परीक्षा पेपर लीक का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ है कि रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा पेपर लीक होने का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय में बीएससी एग्रीकल्चर सेकंड ईयर के छात्रों ने एंटोमोलॉजी विषय का परीक्षा पेपर लीक होने का आरोप लगाया है।
छात्रों के मुताबिक, परीक्षा शुरू होने से पहले ही कथित प्रश्नपत्र कुछ लोगों के व्हाट्सऐप पर वायरल हो गया। हालांकि वायरल हुआ पेपर वास्तविक है या फर्जी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पेपर वायरल होने की खबर के बाद छात्रों में काफी नाराजगी और चिंता देखने को मिल रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित परीक्षा को निरस्त कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। प्रशासन द्वारा मामले में एफआईआर दर्ज कराने की भी बात कही जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा निरस्त कर दी है और पांच सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। मामले की जांच होगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अब जांच समिति की रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि कथित प्रश्नपत्र वास्तव में लीक हुआ था या वायरल किया गया पेपर फर्जी था। छात्रों की नजर अब विश्वविद्यालय प्रशासन की जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर है।
