कालिंदी स्पात के सामने ग्रामीणों का धरना प्रदर्शन, 28 सितंबर तक दी मोहलत
पचपेड़ी क्षेत्र के बेलपान खपरी कालिंदी स्पात के सामने रविवार 21 सितंबर को सुबह 8:30 बजे से 10:00 बजे तक आसपास की 10 पंचायतों के ग्रामीणों ने 19 मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि 2 नवंबर 2022 को कालिंदी इस्पात के मालिक आनंद सिंघानिया ने नोटरी कराकर 19 मांगों पर सहमति जताई थी, लेकिन अब तक उन पर कार्य नहीं हुआ। इसी को लेकर रविवार को पुनः विरोध दर्ज कराया गया।
धरना स्थल पर थाना प्रभारी श्रवण कुमार टंडन भी पहुंचे हुए थे। उनके समक्ष 19 मांगों पर चर्चा की गई। इस दौरान कालिंदी इस्पात के मालिक आनंद सिंघानिया ने आश्वासन दिया कि सभी लंबित कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरे कर दिए जाएंगे।
इस आश्वासन के बाद पंचायतों ने फिलहाल धरना प्रदर्शन को समाप्त कर दिया और 28 सितंबर तक का समय दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय सीमा में मांगें पूरी नहीं हुईं तो 28 सितंबर को फिर से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

