ग्राम पंचायत भटचौड़ा में शराब भट्टी खोलने का विरोध, ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
पचपेड़ी। ग्राम पंचायत भटचौड़ा में प्रस्तावित शराब भट्टी खोलने को लेकर ग्रामीणों में भारी विरोध देखने को मिल रहा है। विशेष रूप से महिलाएं इस निर्णय के खिलाफ सड़कों पर उतर आईं और उन्होंने सरकार के फैसले का कड़ा विरोध किया।
ग्रामीण महिलाओं ने कहा कि गांव में पहले से ही अवैध शराब की बिक्री चरम पर है, जिससे सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। ऐसे में गांव में शराब भट्टी खोलने का निर्णय किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं है। महिलाओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन ने शराब भट्टी खोलने पर जोर दिया तो वे पचपेड़ी में चक्का जाम कर आंदोलन को तेज करेंगी। उन्होंने साफ कहा कि किसी भी स्थिति में गांव में शराब भट्टी नहीं खुलने दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि शराब भट्टी खोलने के निर्णय के विरोध में भटचौड़ा सरपंच ने भी 15 अक्टूबर को बिलासपुर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था। इसके बावजूद ग्रामीणों का कहना है कि उनकी चिंताओं पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि वे गांव की शांति और सामाजिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करें।

