मस्तूरी विधानसभा के पचपेड़ी क्षेत्र को दो नई सड़कों की सौगात, कर्मा नृत्य व डोल-बाजे के साथ विधायक दिलीप लहरिया का भव्य स्वागत
बिलासपुर जिले के ग्रामीण अंचलों में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ शासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। लोक निर्माण विभाग द्वारा वर्ष 2024-25 के बजट में शामिल दो सड़क निर्माण कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने वाली है।
पहले कार्य के अंतर्गत ग्राम पंचायत बिनौरी से हरदी भगवानपाली नहर सड़क मार्ग (लंबाई 3.20 किमी) के निर्माण हेतु शासन द्वारा 477.12 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। वहीं दूसरे कार्य में मेनरोड बहतरा से आमाकोनी पहुंच मार्ग (लंबाई 1.15 किमी) के निर्माण के लिए 144.49 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, नवा रायपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार दोनों कार्यों में तकनीकी स्वीकृति प्राप्त करने के पश्चात ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। कार्य शासकीय भूमि पर किया जाएगा तथा उपलब्ध बजट सीमा में ही व्यय सुनिश्चित किया जाएगा। दोनों सड़कें अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में सड़कों के निर्माण मद के अंतर्गत स्वीकृत की गई हैं।
इधर, आश्रित ग्राम आमाकोनी-बहतरा तथा ग्राम पंचायत बिनौरी से भगवानपाली सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया का ग्रामीणों ने कर्मा नृत्य और डोल-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। पारंपरिक नृत्य और वाद्य यंत्रों की गूंज से पूरा गांव उत्सवमय हो उठा।
भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप लहरिया ने कहा,
“विकास ही हमारी पहली प्राथमिकता है। जब तक जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा, तब तक क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।”
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सतकली बावरे, जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि खिलावन पटेल, जनपद सदस्य सभापति नरेंद्र नायक, जनपद सदस्य मेनका सुमित जगत सरपंच हीरा देवी, खेमराज पटेल, उपसरपंच, पंचगण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्य प्रारंभ होने पर खुशी जाहिर करते हुए शासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इन सड़क निर्माण कार्यों से क्षेत्र के कई गांवों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रामीण विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।



