ग्राम पंचायत लोहर्सी में धूमधाम से मनाया गया भगवान राम स्थापना दिवस, निकाली गई भव्य कलश यात्रा और रथ यात्रा
पचपेड़ी। क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहर्सी में भगवान श्रीराम स्थापना दिवस बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गांव में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर भव्य कलश यात्रा एवं झांकी निकाली गई, जिसमें हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं सिर पर कलश लेकर पूरे गांव में भ्रमण करती रहीं। इसके पश्चात तिराईन तालाब में भगवान श्रीराम की झांकी निकाली गई, जहां डोंगा (नाव) पर भी आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई।
इसके बाद भगवान श्रीराम की झांकी को रथ गाड़ी में सवार कर पूरे गांव में रथ यात्रा निकाली गई। रथ के आगे-आगे बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा गांव गूंज उठा।
शाम होते ही पूरे गांव में दीपोत्सव का माहौल रहा। ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों में दीप जलाए और सुंदर रंगोलियां बनाई गईं, जिससे पूरा गांव दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्सवमय बना रहा।
इस आयोजन में गांव के सभी वर्गों के लोग शामिल हुए और भगवान श्रीराम स्थापना दिवस को श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाया।

