ग्राम पंचायत भिलौनी में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
पचपेड़ी क्षेत्र – शिवनाथ नदी के किनारे बसे ग्राम पंचायत भिलौनी में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर ग्रामीणों से अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के ठेकेदार द्वारा स्मार्ट मीटर लगाने के लिए प्रति उपभोक्ता 500 से 1000 रुपये तक वसूले जा रहे हैं, जबकि सरकार द्वारा स्मार्ट मीटर पूरी तरह निःशुल्क लगाए जाने का प्रावधान है।
ग्राम पंचायत भिलौनी में लगभग 700 राशन कार्डधारी परिवार निवासरत हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा मीटर लगाने के नाम पर पैसे की मांग की जा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है।
इस संबंध में सरपंच प्रतिनिधि सरोज पैकरा ने बताया कि उन्हें भी ग्रामीणों से शिकायत मिली है कि स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर 500 से 1000 रुपये तक लिए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया निःशुल्क होनी चाहिए और किसी भी प्रकार की वसूली गलत है।
वहीं बिजली विभाग के अधिकारी गंगासागर ध्रुव ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क लेने का कोई नियम नहीं है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि स्मार्ट मीटर लगाना पूरी तरह मुफ्त है और यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो यह गलत है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि अवैध वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए तथा ग्रामीणों से लिए गए पैसे की जांच कर राशि वापस दिलाई जाए।
