ग्राम पंचायत लोहर्सी में भागवत कथा महापुराण का भव्य समापन, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
लोहर्सी/पचपेड़ी ग्राम पंचायत लोहर्सी के बस स्टैंड में आयोजित भागवत कथा महापुराण यज्ञ का सोमवार को विधिवत रूप से समापन हुआ। समापन अवसर पर पूर्ण आहुति, सहस्त्रधारा एवं ब्राह्मण भोज का आयोजन किया गया। इस दौरान सुसज्जित पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
भागवत कथा के समापन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि मंगलवार को श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा स्नान किया जाएगा।
वहीं आगामी धार्मिक आयोजनों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 19 जनवरी, सोमवार से ग्राम पंचायत लोहर्सी के कबीर आश्रम आदर्श चौक में देवी भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। देवी भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु शामिल होंगे।
भागवत कथा आयोजन से ग्राम पंचायत लोहर्सी में धार्मिक एवं सांस्कृतिक वातावरण बना हुआ है।

