महाशिवरात्रि पर भूफोड़ महादेव मंदिर में श्रद्धा का सैलाब, सुबह 4 बजे से रुद्राभिषेक व भंडारे का आयोजन
पचपेड़ी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहर्सी स्थित भूफोड़ महादेव मंदिर में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
135 वर्ष प्राचीन इस मंदिर में रविवार तड़के सुबह 4 बजे से ही भगवान शिव का रुद्राभिषेक प्रारंभ हुआ, जिसमें जल व दूध से अभिषेक किया गया।
सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। जल लेकर श्रद्धालु कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक करते नजर आए। आसपास के गांवों से आए श्रद्धालुओं ने भी पूरे भक्तिभाव के साथ जलाभिषेक कर भगवान शिव की आराधना की।
मंदिर समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। वहीं विकास तिवारी के द्वारा भी अलग से भंडारे का आयोजन कर भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। पूरे परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर मंदिर समिति के समस्त सदस्य, विकास तिवारी, रूद्र कुमार दुबे, शुभम तिवारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। दिनभर चले धार्मिक आयोजनों के बीच श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।




