जनपद सभापति सरिता नरेंद्र नायक ने छत्तीसगढ़ बजट का स्वागत किया
जनपद सभापति सरिता नरेंद्र नायकजनपद सभापति सरिता नरेंद्र नायक ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में विधानसभा में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ बजट का स्वागत करते हुए इसे ऐतिहासिक और सर्वसमावेशी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों की तुलना में इस वर्ष 10 प्रतिशत वृद्धि के साथ 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है, जो प्रदेश के विकास को नई दिशा देगा।
सरिता नरेंद्र नायक ने कहा कि साय सरकार द्वारा प्रस्तुत यह बजट “संकल्प” थीम पर आधारित है और इसमें हर वर्ग का विशेष ध्यान रखा गया है। भाजपा का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास” इसी बजट में झलकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल नीतियां बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए भी संकल्पित है।
वित्त मंत्री ओ पी चौधरी द्वारा पेश किए गए बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, इंफ्रास्ट्रक्चर, कृषि, पर्यटन, ग्रामीण विकास, सड़क और टेक्नोलॉजी सहित सभी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेशवासियों की आत्मनिर्भरता, आर्थिक प्रगति और समृद्धि को नई उड़ान देगा।
सरिता नरेंद्र नायक ने विशेष रूप से किसानों के लिए ब्याज मुक्त ऋण योजना की घोषणा का स्वागत किया। इसके साथ ही 18 वर्ष पूर्ण करने पर बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपये देने का प्रावधान भी सराहनीय बताया। “लखपति दीदी भ्रमण योजना” के अंतर्गत 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है तथा बहनों को प्रदेश के शक्तिपीठों के दर्शन कराने की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 23 नए उद्योग स्थापित करने, 5 प्रमुख शहरों के एयरपोर्ट पर शोरूम खोलने तथा महिलाओं के लिए 250 महतारी सदन बनाने के लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। जगदलपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर एयरपोर्ट के विकास हेतु 80 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
डेयरी समग्र विकास योजना अंतर्गत 90 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसमें जगदलपुर, रायपुर और बिलासपुर के दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्रों का उन्नयन शामिल है। साथ ही रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कवर्धा और रायगढ़ में स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट की स्थापना का भी प्रावधान रखा गया है।
सरिता नरेंद्र नायक ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मकान, जमीन या संपत्ति महिलाओं के नाम पर खरीदने पर 50 प्रतिशत पंजीयन शुल्क में छूट देने का निर्णय अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ के समग्र विकास को गति देगा और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।
