मास्टर नेशनल गेम में बिलासपुर के प्रधान आरक्षक विकास तिवारी ने जीता स्वर्ण पदक
विकास तिवारी स्वर्ण पदक के साथ
आर्चरी कंपाउंड में प्रथम स्थान, छत्तीसगढ़ और पुलिस प्रशासन का नाम रोशन
महाराष्ट्र के नासिक में दिनांक 28 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित मास्टर नेशनल गेम्स में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले को गौरव प्राप्त हुआ है।
बिलासपुर एयरपोर्ट चकरभाटा में पदस्थ प्रधान आरक्षक विकास तिवारी ने आर्चरी कंपाउंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
दिनांक 29 जनवरी 2026 को आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से आए अनुभवी खिलाड़ियों के बीच प्रधान आरक्षक विकास तिवारी ने शानदार खेल कौशल, एकाग्रता और अनुशासन का परिचय देते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल छत्तीसगढ़ राज्य बल्कि पुलिस प्रशासन का भी नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
विकास तिवारी की इस सफलता पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है। अधिकारियों ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि पुलिस बल के अन्य कर्मचारियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
प्रधान आरक्षक विकास तिवारी की इस उपलब्धि से यह सिद्ध होता है कि कर्तव्य के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।


