ग्राम पंचायत लोहर्सी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ रूम का अभाव
मरीजों को घंटों करना पड़ रहा इंतज़ार, स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही उजागर
पचपेड़ी क्षेत्र |
ग्राम पंचायत लोहर्सी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ रूम की सुविधा न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्टाफ रूम के अभाव में स्टाफ नर्स को दूर बस्ती में निवास करना पड़ता है, जिसके कारण आपातकालीन मरीजों और प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को घंटों इंतजार करना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पहले स्टाफ रूम की व्यवस्था थी, जहां 24 घंटे स्वास्थ्यकर्मी तैनात रहते थे। लेकिन पिछले लगभग पाँच वर्षों से भवन के पीछे स्थित स्टाफ रूम को जर्जर बताकर उपयोग में नहीं लाया जा रहा है। इसके बाद से कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
रात के समय या आकस्मिक स्थिति में मरीजों को पहले स्टाफ को दूर बस्ती से बुलाना पड़ता है, जिससे कई बार गंभीर हालात बन जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रसव पीड़ा से तड़पती महिलाओं को समय पर इलाज नहीं मिल पाने का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यह स्वास्थ्य विभाग की गंभीर कमी है या फिर जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही? पाँच वर्षों का लंबा समय बीत जाने के बावजूद न तो भवन की मरम्मत कराई गई और न ही नया स्टाफ रूम बनाया गया।
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द से जल्द स्टाफ रूम की व्यवस्था की जाए, ताकि 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु रूप से मिल सकें और ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिले।

