धान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला? सत्यापन के बाद भी बढ़ा 319 क्विंटल धान, जांच की मांग
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बहतरा स्थित धान खरीदी केंद्र में कथित तौर पर बड़ा भ्रष्टाचार सामने आया है। यहां केंद्र के प्रबंधक उमाशंकर पटेल और ऑपरेटर नरेंद्र कुमार पटेल पर मिलीभगत कर धान खरीदी में गड़बड़ी करने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, केंद्र में धान खरीदी 5 फरवरी को समाप्त हो चुकी थी और इसके बाद सत्यापन भी किया गया। सत्यापन के दौरान कुल 40,135 क्विंटल धान दर्ज था। लेकिन हैरानी की बात यह है कि 7 मार्च को रिकॉर्ड में धान की मात्रा बढ़कर 40,454 क्विंटल हो गई। यानी सत्यापन के बाद भी 319 क्विंटल धान “खरीद” लिया गया।
इस पूरे मामले में करीब 10 लाख रुपए के धान के हेरफेर की आशंका जताई जा रही है। सवाल उठ रहा है कि जब खरीदी प्रक्रिया समाप्त हो चुकी थी और सत्यापन भी हो गया था, तब अतिरिक्त धान की एंट्री कैसे हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला प्रबंधक उमाशंकर पटेल और ऑपरेटर नरेंद्र कुमार पटेल की मिलीभगत से संभव हुआ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। अबधान खरीदी केंद्र में बड़ा घोटाला? सत्यापन के बाद भी बढ़ा 319 क्विंटल धान, जांच की मांग देखना यह होगा कि खबर सामने आने के बाद प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है और जिम्मेदारों पर कब तक कार्रवाई होती है।

