तेज रफ्तार हाइवा ने 4 वर्षीय मासूम को कुचला, मौके पर मौत — आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम


 तेज रफ्तार हाइवा ने 4 वर्षीय मासूम को कुचला, मौके पर मौत — आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

पचपेड़ी। थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। ग्राम चिस्दा में सड़क किनारे खेल रहे 4 वर्षीय मासूम सतीश शुक्ला (पिता – सुरेश शुक्ला) को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा लगभग दोपहर 2 बजे का बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, पचपेड़ी से जोंधरा की ओर जा रही हाइवा क्रमांक CG 10 BU 8567 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए मासूम को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा वाहन के पहियों के नीचे आ गया और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पास ही से गिरफ्तार कर लिया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मस्तूरी-जोंधरा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पचपेड़ी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों व परिजनों को समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित किया।

बताया गया कि मृतक सतीश शुक्ला का परिवार उत्तरप्रदेश के बांदा जिले का निवासी है, जो शनिवार को ही अपने बड़े पिता के यहां आया था।

प्रशासन की ओर से तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि की घोषणा की गई, जिसमें से 8 हजार रुपये मौके पर ही प्रदान किए गए। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के बाद गृहग्राम भेजने की व्यवस्था और दुर्घटना स्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने का आश्वासन भी दिया गया।

मौके पर थाना प्रभारी राज सिंह, तहसीलदार नीलम पिस्दा, एसडीओपी लाल चंद मोहले, मस्तूरी थाना प्रभारी कृष्णचन्द्र सिदार, मल्हार चौकी प्रभारी अवधेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने