मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश दे



मस्तूरी (बिलासपुर)। मस्तूरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत आमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी में लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई जा रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने दिनांक 13 अप्रैल को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बहतरा मेन रोड से आमाकोनी तक बनाई जा रही सड़क निर्माण में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। उनका कहना है कि निर्माण कार्य में न तो निर्धारित मानकों का पालन किया जा रहा है और न ही सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण में पानी की तराई (क्योरिंग) सही तरीके से नहीं की जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती प्रभावित हो रही है। इसके अलावा गिट्टी की मात्रा भी काफी कम डाली जा रही है। वहीं लाल मुरूम की जगह गांव की साधारण मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है, जो सड़क की गुणवत्ता को कमजोर कर रहा है।

नाली निर्माण को लेकर भी ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नाली निर्माण में बहुत कम मात्रा में सरिया (लोहे की छड़) का उपयोग किया गया है, जिससे निर्माण कार्य टिकाऊ नहीं रहेगा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य की जांच कर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस शिकायत में रामसागर जगत, गोरेबाल जगत, रेल्लूराम, रामलाल, अनमोल, गोपी, रामखिलावन मरकाम, गजानंद परेल एवं मुरारीलाल नेताम सहित कई ग्रामीणों के हस्ताक्षर शामिल हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर दोषी ठेकेदार व अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोहराई न जाए।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने