ससहा में सिंचाई विभाग की रिपेयरिंग अधूरी, किसानों में नाराजगी
पामगढ़ क्षेत्र के ग्राम पंचायत ससहा में सिंचाई विभाग द्वारा कराए जा रहे रिपेयरिंग कार्य को लेकर ग्रामीणों और किसानों में नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग द्वारा मरम्मत कार्य आधा-अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार ससहा से शुक्ला भाटा तक करीब 2 से 3 किलोमीटर क्षेत्र में मरम्मत कार्य कराया गया, लेकिन वहां भी काम अधूरा बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई स्थानों पर रिपेयरिंग सही तरीके से नहीं हुई, जिससे नहर और पानी निकासी की समस्या बनी हुई है।
ग्राम पंचायत ससहा के संदीप अग्रवाल ने बताया कि सिंचाई विभाग के द्वारा जो भी रिपेयरिंग कार्य कराया गया है, वह भी आधा-अधूरा है। उन्होंने कहा कि अधूरे कार्य के कारण किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों और किसानों ने विभाग से जल्द गुणवत्तापूर्ण एवं पूर्ण मरम्मत कार्य कराने की मांग की है ताकि आने वाले खेती सीजन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

