ढाई लाख की लागत से बने सीसी रोड में अनियमितता, साइड सोल्डर नहीं बनने से हादसे का खतरा
मस्तूरी जनपद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत वेद परसदा के बंधवा पारा में लगभग ढाई लाख रुपए की लागत से बनाए गए सीसी रोड निर्माण में अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान रोड के दोनों किनारों पर साइड सोल्डर नहीं डाले गए हैं, जिससे सड़क किनारे मिट्टी धंसने लगी है और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि साइड सोल्डर नहीं होने के कारण खासकर दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। हल्की सी चूक होने पर वाहन चालक सड़क से नीचे उतर सकते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। बारिश के दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए संबंधित विभाग और पंचायत से जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि सरकारी राशि खर्च होने के बावजूद अधूरा और लापरवाहीपूर्ण निर्माण कार्य किया गया है, जिससे आम जनता को परेशानी उठानी पड़ रही है।
