फड़सोडी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर, 600 से अधिक आवेदन पहुंचे
मस्तूरी जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत फड़सोडी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बसंतपुर, मुकुंदपुर, सोंसरी, अमलडीहा, गोपालपुर सहित लगभग 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर के दौरान सड़क, पेयजल, आवास, पेंशन, राजस्व एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े करीब 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए।हालांकि, शिविर के आयोजन को लेकर एक बड़ा सवाल भी खड़ा हुआ। इतने बड़े जिला स्तरीय कार्यक्रम के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा पत्रकारों को समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई। स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि रात 8 बजे तक भी उन्हें कार्यक्रम की आधिकारिक जानकारी और विवरण नहीं मिल सका।
प्रशासन की पारदर्शिता और जनसंपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाने की बात कही जाती है, लेकिन जिला स्तरीय शिविर जैसे महत्वपूर्ण आयोजन की सूचना समय पर मीडिया तक नहीं पहुंचना चर्चा का विषय बना हुआ है। पत्रकारों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रमों की जानकारी समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि आम जनता तक शासन-प्रशासन की गतिविधियां प्रभावी ढंग से पहुंच सकें।
