आश्रित ग्राम हरदी के जर्जर स्कूल भवन में 138 बच्चे पढ़ने को मजबूर
पचपेड़ी। क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुकुरदीकेरा के आश्रित ग्राम हरदी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में 138 बच्चे जर्जर भवन में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। स्कूल भवन की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वह डिस्मेंटल किए जाने योग्य बताया जा रहा है, लेकिन वैकल्पिक भवन की व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई इसी भवन में संचालित की जा रही है।पूर्व सरपंच के कार्यकाल में बनाया गया 8 लाख 34 हजार
अभी भी काम पूरा नहीं हुआ
ग्रामीणों और पालकों का कहना है कि बरसात के मौसम में भवन की जर्जर स्थिति के कारण कभी भी दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद बच्चों और शिक्षकों को इसी भवन में पढ़ाई जारी रखनी पड़ रही है।विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी भी बनी हुई है। पिछले दो वर्षों से केवल एक शिक्षक के भरोसे 138 बच्चों की पढ़ाई संचालित हो रही है। एक शिक्षक के लिए सभी कक्षाओं को संभालना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जर्जर भवन और शिक्षक की कमी की जानकारी विभागीय अधिकारियों को पहले से है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
इस संबंध में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) शिवकुमार टंडन ने कहा कि विद्यालय भवन जर्जर है। इसके लिए प्रधान पाठक (एचएम) से प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। साथ ही विद्यालय में शिक्षक की व्यवस्था के लिए भी प्रस्ताव भेजा जाएगा और जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
