महामाया कृषि केंद्र पर किसानों ने लगाए अधिक कीमत वसूलने के आरोप

 महामाया कृषि केंद्र पर किसानों ने लगाए अधिक कीमत वसूलने के आरोप

पचपेड़ी क्षेत्र। ग्राम पंचायत जोंधरा स्थित महामाया कृषि केंद्र पर किसानों ने निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि केंद्र द्वारा यूरिया खाद को छोटे पैमाने पर खरीदने वाले किसानों से ₹25 प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है।

एक किसान ने बताया कि वे साग-सब्जी की खेती करते हैं, जिसके लिए उन्हें अधिक मात्रा में यूरिया की आवश्यकता नहीं पड़ती। ऐसे में वे एक-दो किलो यूरिया ही खरीदते हैं, लेकिन उनसे ₹25 प्रति किलो की दर से राशि ली जा रही है। किसानों का आरोप है कि इस तरह खाद की बिक्री से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

मामले को लेकर कृषि विभाग के अधिकारियों से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि यदि यूरिया की बिक्री निर्धारित नियमों और दरों के विपरीत की जा रही है तो यह गलत है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।

किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से महामाया कृषि केंद्र की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने