शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का हुआ आत्मीय स्वागत, शिक्षा के महत्व पर दिया गया जोर
मस्तूरी/पचपेड़ी। विकासखंड मस्तूरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमलडीहा के आश्रित ग्राम उदईबन स्थित प्राथमिक शाला में शाला प्रवेश उत्सव 2026 हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में गांव के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, पालक, शिक्षक एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर शिक्षकों ने पालकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए शिक्षा के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में आसपास के विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक भी शामिल हुए।
अभिभावकों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित कर उनकी राय और सुझावों को महत्व दिया जाता है, जिससे विद्यालय और पालकों के बीच बेहतर समन्वय बनता है।
ग्राम पंचायत अमलडीहा की सरपंच कांति किरण पटेल ने कहा कि शाला प्रवेश उत्सव का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के शत-प्रतिशत बच्चों का विद्यालय में नामांकन कर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि "आज के समय में शिक्षा ही मनुष्य का सच्चा मित्र है। यदि व्यक्ति शिक्षित होगा तो वह हर परिस्थिति में स्वयं को स्थापित कर सकेगा और जीवन में आगे बढ़ेगा। इसलिए प्रत्येक बच्चे की शिक्षा बेहद आवश्यक है।"
कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को मिठाई वितरित की गई। पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, खुशी और शिक्षा के प्रति जागरूकता का माहौल देखने को मिला।

