कुकुरदी कला, लोहर्सी और जोंधरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की सूची नहीं, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

 कुकुरदी कला, लोहर्सी और जोंधरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कर्मचारियों की सूची नहीं, ग्रामीणों ने उठाए सवाल

मस्तूरी। मस्तूरी विकासखंड के कुकुरदी कला, लोहर्सी एवं जोंधरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मचारियों एवं चिकित्सकों की पदस्थापना सूची प्रदर्शित नहीं होने का मामला सामने आया है। इससे मरीजों और ग्रामीणों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही है कि अस्पताल में कौन-कौन से डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य कर्मचारी पदस्थ हैं तथा किसकी ड्यूटी है।

ग्रामीणों का कहना है कि अस्पतालों में कर्मचारियों की नामावली, पदनाम तथा स्वीकृत और रिक्त पदों की जानकारी सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित की जानी चाहिए। वर्तमान में सूची नहीं होने के कारण मरीजों को यह पता नहीं चल पाता कि कौन कर्मचारी नियमित रूप से उपस्थित है और कौन नहीं।


स्थानीय लोगों ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की सूची लगाई जानी चाहिए। इससे मरीजों को आवश्यक जानकारी आसानी से मिल सकेगी और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी निगरानी बनी रहेगी।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि कुकुरदी कला, लोहर्सी और जोंधरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में शीघ्र कर्मचारियों एवं चिकित्सकों की पदस्थापना सूची प्रदर्शित कराई जाए, ताकि आम जनता को स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जानकारी सहज रूप से उपलब्ध हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने