डोंगाकोहरौद जर्जर सड़क को मिली मंजूरी, 6.05 करोड़ से बनेगी 4.34 किमी सड़क

 डोंगाकोहरौद  जर्जर सड़क को मिली मंजूरी, 6.05 करोड़ से बनेगी 4.34 किमी सड़क 


पामगढ़। लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या से जूझ रहे डोंगाकोहरौद के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य शासन ने पामगढ़-लाहौद मार्ग के डोंगाकोहरौद बस्ती में 4.34 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 6 करोड़ 5 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद मंत्रालय से प्रमुख अभियंता के नाम राशि स्वीकृति का परिपत्र जारी किया गया है।

गौरतलब है कि डोंगाकोहरौद की जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों ने हाल ही में बड़ा आंदोलन किया था। ग्रामीणों ने लगातार पांच दिनों तक अनशन किया और 3 जुलाई को भारी बारिश के बीच करीब नौ घंटे तक पामगढ़ में चक्का जाम कर सड़क निर्माण की मांग उठाई थी। प्रशासन के आश्वासन के बाद आंदोलन और चक्का जाम समाप्त किया गया था।

अब शासन द्वारा सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग ने प्रमुख अभियंता को समय-सीमा के भीतर निविदा प्रक्रिया पूरी करने, प्राक्कलन के अनुरूप मितव्ययिता के साथ कार्य कराने तथा अनुबंधित अवधि में निर्माण पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिना अपरिहार्य कारणों के कार्य की समय-सीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि अब स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और वर्षों से चली आ रही आवागमन की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने