भटचौड़ा से बहतरा-गिदपुरी मार्ग बदहाल, 12 साल से सड़क निर्माण की राह देख रहे ग्रामीण
पचपेड़ी। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत भटचौड़ा से बहतरा, गिदपुरी और खपरी को जोड़ने वाला सड़क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चलाना तो दूर, ग्रामीणों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले करीब 12 वर्षों से वे सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन प्रभावित होता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क खराब होने से स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराकर स्थायी रूप से सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का समाधान हो सके।
अब सवाल यह है कि आखिर 12 वर्षों से सड़क की बदहाली झेल रहे ग्रामीणों को अच्छी सड़क के लिए और कितना इंतजार करना पड़ेगा?
