बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर 21 किलो गांजा बरामद, महिला-पुरुष गिरफ्तार
बिलासपुर। रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी के खिलाफ जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला और पुरुष को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से दो बैग में कुल 21.058 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्लेटफॉर्म नंबर 4-5 के हावड़ा छोर स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक महिला और पुरुष गांजे की खेप लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान संगीता मिश्रा (43) और सुशील मिश्रा (45) के रूप में हुई। दोनों बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद एक काले रंग के बैग और लाल रंग की ट्रॉली बैग से गांजे के 10 पैकेट बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर गांजे का कुल वजन 21.058 किलो निकला।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
जीआरपी ने गांजा जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जीआरपी और आरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई से रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों में हड़कंप मच गया है।
