आवारा पशुओं को लेकर विवाद में खूनी संघर्ष, एक की मौत; 7 आरोपी गिरफ्तार
मस्तूरी। ग्राम रलिया में आवारा पशुओं को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। भारतमाला सड़क के पास चार ग्रामीणों पर लाठी-डंडे और मुक्कों से किए गए कथित प्राणघातक हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए हैं। मामले में थाना मस्तूरी पुलिस और ACCU बिलासपुर की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की रात ग्राम लिमतरा निवासी ग्रामीण अपनी धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। फसल को नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीणों ने भगाकर ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क किनारे छोड़ दिया और वापस लौट रहे थे।
बताया गया कि रात करीब 8:30 बजे ग्राम रलिया स्थित भारतमाला सड़क पुल के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। मवेशियों को अपनी ओर लाने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के बाद लाठी-डंडे, हाथ और मुक्कों से हमला कर दिया गया।
हमले में उमेश बरगाह सहित अन्य ग्रामीण घायल हुए। मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आने के बाद तत्काल बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान जीवन मेहर की मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी पुलिस एवं ACCU की संयुक्त टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में गजानंद पटेल (35), अजय चंद्राकर (28), अश्विनी पटेल (22), आलोक सिदार (18), कोमल चंद्राकर (22), लोमस चंद्राकर (19) और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू (29), सभी निवासी ग्राम रलिया, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे एवं अन्य सामान जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 103(2) और 112 BNS के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी पुलिस लगातार तलाश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
