हावड़ा-अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस घंटों लेट, यात्रियों में आक्रोश
जलगांव। हावड़ा से अहमदाबाद जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस के घंटों देरी से चलने को लेकर यात्रियों में भारी आक्रोश देखने को मिला। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगातार देरी से चल रही है, जिससे उन्हें घंटों रेलवे स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है।बिलासपुर के एक यात्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हम रिजर्वेशन करवाकर समय पर रेलवे स्टेशन पहुंचते हैं और इसके बावजूद यात्रियों को घंटों ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। यात्री ने सवाल उठाया कि “क्या हम लोगों की कोई कीमत नहीं है? अगर यात्री दो मिनट लेट हो जाए तो क्या ट्रेन उसका इंतजार करेगी?”
यात्रियों का कहना है कि लंबी दूरी की यात्रा के लिए लोग पहले से टिकट और रिजर्वेशन कराते हैं तथा आगे की यात्रा के लिए भी समय निर्धारित करते हैं। ऐसे में ट्रेन के लगातार घंटों लेट होने से यात्रियों को परेशानी के साथ-साथ उनकी आगे की कनेक्टिंग यात्रा और जरूरी काम भी प्रभावित होते हैं।
यात्रियों ने रेलवे से ट्रेनों के संचालन में समयबद्धता सुनिश्चित करने और लगातार हो रही देरी के कारणों की जानकारी यात्रियों को देने की मांग की है।
