12 साल से जर्जर लोहरसी–बोहर्डीह टांगर सड़क, 9 गांवों के ग्रामीण परेशान

 12 साल से जर्जर लोहरसी–बोहर्डीह टांगर सड़क, 9 गांवों के ग्रामीण परेशान

25 किलोमीटर लंबी सड़क बदहाल, जगह-जगह गड्ढे; हादसों को दे रही न्योता।

पचपेड़ी। पचपेड़ी क्षेत्र के लोहरसी से बोहारडीह टांगर, विद्याडीह, भरारी, जलसो, शुकुलकारी, केवतरा होते हुए पचपेड़ी को जोड़ने वाली करीब 25 किलोमीटर लंबी सड़क पिछले 12 वर्षों से जर्जर हालत में है। सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस मार्ग से आवागमन करना ग्रामीणों के लिए मुश्किल हो गया है।

इस सड़क से पचपेड़ी क्षेत्र के करीब 9 गांवों के ग्रामीणों का रोजाना आना-जाना होता है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और उबड़-खाबड़ रास्ते होने के कारण दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।

ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क की मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। खराब सड़क के कारण आए दिन छोटे-बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क का निरीक्षण कर शीघ्र मरम्मत एवं स्थायी डामरीकरण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों को मुख्य मार्ग और पचपेड़ी से जोड़ता है। इसके बावजूद वर्षों से सड़क की अनदेखी होना समझ से परे है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने