संकुल बालक पचपेड़ी में सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
पचपेड़ी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संकुल केंद्र बालक पचपेड़ी द्वारा 19 सितंबर 2026, शनिवार को शासकीय कन्या प्राथमिक शाला ध्रुवाकारी में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति-कौशल तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता में संकुल अंतर्गत विभिन्न शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्धारित विषयों पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा निखारने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सहभागिता एवं उत्साह सराहनीय रहा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
संकुल शैक्षिक समन्वयक राहुल देव भारद्वाज ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग, संवेदना, जिम्मेदारी एवं सकारात्मक सोच विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करते हैं।
एसएमसी अध्यक्ष, शासकीय कन्या प्राथमिक शाला पचपेड़ी, रमेश सूर्यकांत ने शासन की मंशा एवं सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। एमएमसी अध्यक्ष, सेजेस पचपेड़ी, अश्वनी टंडन ने प्रतिभागी विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य हासिल करने तथा उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शिक्षक मूर्ति नारायण करोसिया ने विकसित भारत विषय पर प्रेरणादायी गीत प्रस्तुत कर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक शिक्षक दिनेश भारती ने किया। प्रधान पाठक एवं कवि महेतरु मधुकर ने कविता पाठ के माध्यम से कार्यक्रम में ऊर्जा का संचार किया तथा उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में परस राम सोनवानी, दिलीप भूषण कुर्रे, देव कुमार कुर्रे, सुनीता मरकाम, अनुपमा जगत, सुरेंद्र मधुकर, हेतराम पटेल, रजवंतीन कुर्रे, हेमलाल कांत, गुल आफ़रीन फारुकी, मायावती लहरे एवं कमला उरांव सहित संकुल अंतर्गत विभिन्न शालाओं के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
