गरबा की वेशभूषा में सिगरेट पीने और पिस्टलनुमा वस्तु दिखाने का मामला, 9 आरोपी गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद सिविल लाइन पुलिस की कार्रवाई, आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी
बिलासपुर। गरबा नृत्य की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए और पिस्टल जैसी वस्तु का प्रदर्शन करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बिलासपुर के सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ पृथक से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में एक शिकायतकर्ता ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि एक महिला और उसके महिला एवं पुरुष सहयोगियों ने गरबा की वेशभूषा में सिगरेट का सेवन करते हुए तथा पिस्टल जैसी वस्तु हाथ में लेकर वीडियो बनाया। बताया गया कि गरबा टिकट और मेकअप के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से तैयार इस वीडियो को इंस्टाग्राम और फेसबुक पर प्रसारित किया गया।
शिकायतकर्ता ने वीडियो में धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रतीकों के कथित आपत्तिजनक इस्तेमाल पर आपत्ति जताते हुए युवाओं पर इसके गलत प्रभाव पड़ने की आशंका व्यक्त की थी।
9 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज
प्राप्त शिकायत और उपलब्ध वीडियो के आधार पर सिविल लाइन पुलिस ने अपराध क्रमांक 1390/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 196, 299 एवं 3(5) में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की है। साथ ही सभी आरोपियों के विरुद्ध अलग से प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए बाउंड ओवर कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
बिलासपुर पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि धार्मिक आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक प्रतीकों का इस्तेमाल प्रचार या मनोरंजन के नाम पर इस तरह नहीं किया जाना चाहिए, जिससे किसी वर्ग की भावनाएं आहत हों अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो।
पुलिस ने सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और प्रचार पाने के लिए धार्मिक प्रतीकों का आपत्तिजनक प्रदर्शन करने, अशोभनीय सामग्री प्रसारित करने अथवा हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने वालों को वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से करें उपयोग
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी आपत्तिजनक सामग्री को बिना सत्यापन आगे प्रसारित न करें।
