ओखर ग्राम की वासुदेव गौशाला में चारे के अभाव से हो रही गायों की मौत, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
पचपेड़ी क्षेत्र, बिलासपुर।
ग्राम ओखर स्थित श्री वासुदेव गौशाला सेवा समिति पर गंभीर लापरवाही के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में चारे की भारी कमी के कारण रोजाना 7 से 10 गायों की मौत हो रही है। सबसे चौंकाने वाली घटना 24 अगस्त 2025 को सामने आई, जब एक ही दिन में लगभग 25 से 30 गायों की मौत हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि मरने वाली गायों को गड्ढे खोदकर जमीन में दबा दिया गया। इसके बावजूद न गौ सेवा आयोग, न शासन-प्रशासन, और न ही समिति ने कोई ठोस कदम उठाया।
ग्रामीण मन्नू यादव ने बताया,
"हमारे ग्राम ओखर की गौशाला में चारा नहीं मिलने से हर दिन गायें मर रही हैं। 24 अगस्त को 25 से 30 गायें मर गईं। अगर जल्द चारे की व्यवस्था नहीं की गई या समिति को भंग नहीं किया गया तो हम कलेक्टर के पास जन आंदोलन करेंगे।"
गौशाला मैनेजर ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि गौशाला में लगभग 250 गायें हैं, जिनमें कई बाहर से लाई गई हैं, साथ ही एक्सीडेंटल गायों को भी यहां रखा जाता है। मैनेजर ने कहा,
"गायों की तबीयत खराब होने से मौत हो रही है। हम कोशिश कर रहे हैं, लेकिन संख्या ज्यादा होने से परेशानी बढ़ी है।"
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो वे गौशाला निरस्त करने और समिति पर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन करेंगे।


