माता शबरी की पावन धरा पर श्री राम-जानकी उत्सव समारोह का भव्य आयोजन
शिवरीनारायण। माता शबरी की पावन धरती शिवरीनारायण में श्री राम-जानकी वार्षिक उत्सव समारोह बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केवट निषाद समाज द्वारा भव्य रैली का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोगों ने पारंपरिक धूमल और मांदर की थाप पर नृत्य करते हुए पूरे नगर का भ्रमण किया
रैली की शुरुआत शिवरीनारायण मंदिर परिसर से हुई, जहां श्री राम-जानकी की पूजा-अर्चना कर नगर भ्रमण किया गया। रैली नगर के प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरी, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं और समाज के लोगों ने कर्मा नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। पूरे नगर में जय श्री राम के जयघोष से माहौल भक्तिमय हो गया।
इस भव्य कार्यक्रम में केवट निषाद समाज के 34 राज्यों के पदाधिकारी, समाज के वरिष्ठजन, युवा और महिलाएं बड़ी संख्या में शामिल हुए। समाज के लोगों ने इस अवसर पर एकता, संस्कृति और धार्मिक परंपरा को मजबूत करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिवरीनारायण माता शबरी की तपोभूमि है और यह स्थान भगवान श्री राम से जुड़ी आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में भाईचारा, संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा मिलता है।
उत्सव समारोह में भक्ति गीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।


