24 घंटे की लगातार बारिश ने मचाया कहर, लीलागर नदी उफान पर

 24 घंटे की लगातार बारिश ने मचाया कहर, लीलागर नदी उफान पर


पचपेड़ी। क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण लीलागर नदी उफान पर है। नदी किनारे बसे कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।


बोहारडीह, केवटाडीह, भूतहा टांगर, सोन और सोंसरी सहित कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच गया है। सबसे अधिक प्रभावित बोहारडीह गांव है, जहां लगभग 35 से 40 घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। अचानक पानी भर जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीण अपने घरों का सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटे हुए हैं। कई परिवार अपने रिश्तेदारों या ऊंचे स्थानों पर अस्थायी रूप से शरण लेकर रहने को मजबूर हैं। लगातार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।


ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने