ड्राई डे पर भारी मात्रा में शराब बेचते आरोपी पर कोटा पुलिस का प्रहार
कोटा, बिलासपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर घोषित ड्राई डे के दौरान अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले आरोपी के खिलाफ कोटा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, अपराध क्रमांक 666/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई। दिनांक 15 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि डाक बंगला कोटा क्षेत्र में एक व्यक्ति ड्राई डे के दिन अपने कब्जे में बड़ी मात्रा में शराब रखकर अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने डाक बंगला कोटा में रेड कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान आरोपी चंद्रमोहन साहू पिता संतोष साहू, उम्र 26 वर्ष, निवासी डाक बंगला कोटा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर के कब्जे से 21 नग अंग्रेजी शराब गोवा स्पेशल 180 एमएल, 17 नग देशी मसाला शराब शोले 180 एमएल, 15 नग देशी प्लेन शराब शेरा 180 एमएल तथा 4 नग देशी प्लेन शराब रोमियो 180 एमएल जब्त की गई। पुलिस ने कुल 10.260 लीटर शराब, जिसकी कीमत करीब 5,740 रुपये, साथ ही 2,150 रुपये बिक्री रकम बरामद की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई।
