ग्राम पंचायत भटचौड़ा में सरपंच पर अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग की

 ग्राम पंचायत भटचौड़ा में सरपंच पर अनियमितता के आरोप, ग्रामीणों ने जांच की मांग की

पचपेड़ी। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत भटचौड़ा में पंचायत के विकास कार्यों और राशि के उपयोग को लेकर ग्रामीणों ने सरपंच पर गंभीर अनियमितता के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में कई विकास कार्यों के नाम पर राशि आहरित की गई, लेकिन मौके पर कार्य या तो हुए नहीं हैं या फिर आधे-अधूरे छोड़ दिए गए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार महामाया से सुरेश पटेल के घर तक मुरुमीकरण कार्य के लिए करीब 1 लाख 80 हजार रुपये की राशि निकाली गई है। आरोप है कि मौके पर महज दो ट्रिप मुरुम डालकर कार्य छोड़ दिया गया, जबकि पूरी सड़क का मुरुमीकरण नहीं किया गया।

इसी तरह ग्रामीणों ने पुराने तालाब में पचरी निर्माण एवं मरम्मत के नाम पर करीब 49 हजार रुपये की राशि निकाले जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि मौके पर न तो पचरी निर्माण किया गया और न ही तालाब की आवश्यक मरम्मत कराई गई।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में ऐसे कई अन्य कार्य भी हैं, जिनके नाम पर राशि निकाली गई, लेकिन धरातल पर काम आधा-अधूरा दिखाई दे रहा है। इससे पंचायत की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों में खर्च की गई राशि को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से पंचायत के विकास कार्यों की मौके पर जांच कराकर कार्यों की गुणवत्ता, माप पुस्तिका और आहरित राशि की जांच करने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने