28 साल बाद पहली बार गंगरेल बांध के 14 गेट खुलने से बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर, जोंधरा-बलौदा बाजार मार्ग बाधित

 28 साल बाद गंगरेल बांध के 14 गेट खुलने से बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर, जोंधरा-बलौदा बाजार मार्ग बाधित


मस्तूरी। लगातार दो दिनों से हुए बारिश और धमतरी स्थित गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने के बाद शिवनाथ और लीलागर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी-नालों में पानी का बहाव बढ़ने से कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। पानी सड़क और पुल-पुलियों के ऊपर से बहने के कारण जोंधरा से बलौदा बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग का संपर्क टूट गया है, जिससे इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है।


प्रशासनिक अमला मौके पर, ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मस्तूरी एसडीएम शिवकुमार कंवर, तहसीलदार नीलम पिस्दा, थाना प्रभारी कमला पूसाम ठाकुर, पुलिस अमला और क्षेत्र के पटवारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया तथा लोगों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।


नदी के तटीय और निचले इलाकों में बसे ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराई जा रही है। कोटवारों के माध्यम से लोगों से नदी और तेज बहाव वाले स्थानों के पास नहीं जाने तथा आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है।

प्रभावितों के लिए भोजन और राहत की व्यवस्था

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित ग्रामीणों और सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अमले के लिए स्थानीय स्तर पर राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। सरपंच प्रतिनिधि विष्णु कैवर्त द्वारा प्रभावित लोगों एवं ग्रामीणों के लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने क्षेत्र के सरपंचों को अलर्ट पर रहने तथा गांवों में आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासनिक अमला लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने