बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आंध्र प्रदेश-ओडिशा के तटीय इलाकों में असर, स्कूल बंद; छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भी बारिश की संभावना
नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी से बना चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट से देर रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच टकराया। इसके प्रभाव से दोनों राज्यों के तटीय जिलों में भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। मल्कानगिरी में चार पुल डूबने से यातायात प्रभावित हुआ है, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर नेशनल हाईवे भी बंद किया गया है। राउरकेला में तेज हवाओं के कारण सिविल टाउनशिप में बना करीब 150 फीट ऊंचा गणेश पंडाल गिर गया।
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के कलिंगपट्टनम सहित कई इलाकों में भारी बारिश के साथ 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाएं चलने की जानकारी है। विजयनगरम के निचले इलाकों में पानी भर गया है। शहर के कई स्कूलों में लगातार दूसरे दिन छुट्टी घोषित की गई है। मछुआरों को शुक्रवार सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
पश्चिम बंगाल में भी अलर्ट
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो रही है। दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में आंधी और भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भी दिखेगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान का असर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकता है। मध्यप्रदेश के करीब 10 जिलों में भारी बारिश, जबकि छत्तीसगढ़ के 15 जिलों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

