हंसिया लेकर घर से निकला युवक, पड़ोसी गांव में गंभीर हालत में मिला
बालोद जिले में आत्महत्या के प्रयास का मामला, रायपुर रेफर कर उपचार जारी
बालोद। जिले के भोंडिया नवागांव निवासी 27 वर्षीय नरेंद्र रावटे सोमवार सुबह घर से निकलने के बाद पड़ोसी गांव बेलौदी (हल्दी) में गंभीर हालत में मिला। ग्रामीणों के अनुसार, युवक को गांव की नई दुकान में सेविंग बनवाते देखा गया था। इसके बाद वह करीब 10 बजे घर से निकला था।
बताया गया कि शाम करीब 5 बजे नरेंद्र पड़ोसी गांव बेलौदी (हल्दी) के पेट्रोल पंप के पास गंभीर हालत में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर डायल-112 और हल्दी चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को संभाला और उसके पास से हंसिया बरामद किया। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने युवक को रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक के कुछ दिनों से मानसिक तनाव में रहने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, उसने आत्महत्या का प्रयास क्यों किया, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है।
