लोहरसी शासकीय स्कूल में शिक्षक पर प्राचार्य को धमकाने का आरोप

 लोहरसी शासकीय स्कूल में शिक्षक पर प्राचार्य को धमकाने का आरोप


अशोभनीय शब्दों के प्रयोग और बार-बार धमकी देने की शिकायत, जिला शिक्षा अधिकारी को भेजा पत्र


लोहरसी/मस्तूरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोहरसी (सोन) में एक शिक्षक पर संस्था प्रमुख एवं प्राचार्य को धमकी देने तथा अशोभनीय शब्दों का बार-बार प्रयोग करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर विद्यालय के प्राचार्य ने जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर को लिखित शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राचार्य द्वारा 24 सितंबर 2026 को भेजे गए शिकायत पत्र के अनुसार, व्याख्याता सानुज राम सोनी पर आरोप है कि उन्होंने प्रार्थना के बाद करीब 10:30 बजे स्टाफ के सामने प्राचार्य से अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करते हुए धमकी दी। शिकायत में उल्लेख है कि शिक्षक द्वारा कथित तौर पर बार-बार यह कहा गया कि वे प्राचार्य को देख लेंगे और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा सकता।

शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि उक्त शिक्षक द्वारा पूर्व में भी इसी प्रकार की शब्दावली का इस्तेमाल किया गया है, जिससे कार्यालयीन कार्य प्रभावित होने और भय का वातावरण बनने की आशंका जताई गई है।

अवकाश को लेकर भी विवाद का उल्लेख

प्राचार्य के अनुसार, संबंधित शिक्षक ने उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर करने के बाद आकस्मिक अवकाश का आवेदन दिया और पुराने सीएल के बदले उस दिन अवकाश स्वीकृत करने की मांग की। इसी दौरान कथित रूप से प्राचार्य के साथ विवाद और धमकी देने की बात शिकायत में दर्ज की गई है।

शिकायत में आगे बताया गया है कि स्कूल स्टाफ द्वारा माहौल शांत करने के लिए बीच-बचाव किए जाने पर भी कथित तौर पर धमकी दी गई। प्राचार्य ने कहा है कि इस प्रकार की घटनाओं से शिक्षकों एवं कर्मचारियों के बीच भय का माहौल बना हुआ है।

वीडियो बनाने पर भी कथित धमकी

शिकायत पत्र के मुताबिक, 24 सितंबर को सीएसी (शैक्षिक समन्वयक) को कथित घटनाक्रम से अवगत कराने के लिए वीडियो बनाया जा रहा था। इसी दौरान शिक्षक द्वारा कथित रूप से सीएसी का कॉलर पकड़कर धमकी दी गई और वीडियो डिलीट करने को कहा गया। प्राचार्य ने इसे गंभीर मामला बताते हुए उच्च अधिकारियों से उचित कार्रवाई का अनुरोध किया है।

प्राचार्य ने शिकायत के साथ घटनास्थल के ऑडियो एवं वीडियो क्लिप की सॉफ्ट कॉपी संलग्न किए जाने का उल्लेख किया है। शिकायत की प्रतिलिपि विकासखंड शिक्षा अधिकारी मस्तूरी तथा पुलिस थाना पचपेड़ी को भी सूचना हेतु भेजी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने