जैतपुर गौधाम में पर्याप्त शेड नहीं, कीचड़ में रहने को मजबूर गायें
मस्तूरी। मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम पंचायत जैतपुर स्थित गौधाम में पर्याप्त शेड और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में गायों की स्थिति चिंताजनक नजर आ रही है। गौधाम परिसर में बारिश के बाद जगह-जगह कीचड़ होने के कारण गायों को खुले आसमान के नीचे रहने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार जैतपुर गौधाम में करीब 200 गायें मौजूद हैं, लेकिन इनके अनुपात में पर्याप्त शेड की व्यवस्था नहीं है। कई गायें खुले में ही खड़ी और बैठी नजर आती हैं। बारिश के दौरान कीचड़ और पानी के बीच रहने से पशुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गौधाम में केवल शेड की ही कमी नहीं है, बल्कि गायों को रखने के लिए पर्याप्त जगह और चारा सुरक्षित रखने की उचित व्यवस्था भी नहीं है। बड़ी संख्या में पशुओं के होने के बावजूद व्यवस्थाएं पर्याप्त नहीं होने से गौधाम की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
गौधाम में शेड, साफ-सफाई, जल निकासी, चारा भंडारण और पशुओं के लिए पर्याप्त स्थान जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की आवश्यकता है। गौधाम योजना में शेड, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर जोर दिया गया है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं पंचायत प्रशासन से जैतपुर गौधाम का निरीक्षण कराकर पर्याप्त शेड, चारा रखने की व्यवस्था, जल निकासी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि गौधाम में रखी गई गायों को बारिश और मौसम की मार से बचाया जा सके।

