शिवनाथ नदी में बहा 17 वर्षीय युवक, चंद्रपुर में मिला शव
पचपेड़ी/लवन। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर से मंगलवार शाम करीब 4 बजे तीन युवक शिवनाथ नदी पार कर बलौदाबाजार जिले के लवन थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरिया में एक लड़की से मिलने गए थे। इस दौरान गांव के कुछ लोगों ने युवकों को देख लिया और उन्हें पकड़ने के लिए दौड़ाया।
बताया जा रहा है कि पीछा किए जाने पर दो युवक किसी तरह वहां से भागकर वापस गोपालपुर पहुंच गए, जबकि 17 वर्षीय आतिश केवट पिता फ़िरत केवट वापस नहीं लौट सका। युवक के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने चिंता जताते हुए पचपेड़ी और लवन थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना के बाद दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने युवक की तलाश शुरू की। लगातार खोजबीन के दौरान शुक्रवार सुबह चंद्रपुर क्षेत्र में नदी में बहता हुआ एक शव बरामद किया गया। शव की पहचान आतिश केवट, पिता फ़िरत केवट, उम्र 17 वर्ष के रूप में बताई गई है।
लवन थाना प्रभारी ने बताया कि आतिश केवट का शव चंद्रपुर में बरामद हुआ है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
