गणेश स्थापना को लेकर पचपेड़ी थाने में शांति समिति की बैठक
एसपी रजनेश सिंह व ग्रामीण एएसपी मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ने दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
पचपेड़ी। गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से 9 सितंबर को पचपेड़ी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। यह बैठक जिला पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह एवं ग्रामीण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कमला पुसान ठाकुर
नेतृत्व में हुई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के गणेश समितियों के पदाधिकारी एवं ग्रामीण शामिल हुए।थाना प्रभारी ने गणेश स्थापना एवं उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद नहीं करने तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गणेश उत्सव आस्था एवं सामाजिक सद्भाव का पर्व है, इसलिए सभी समितियां शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन करें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
बैठक में युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे और धूम्रपान से दूर रहने की समझाइश दी गई। साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई, ताकि सड़क दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
साइबर ठगी से बचने 1930 पर करें तत्काल कॉल
बैठक के दौरान पुलिस द्वारा साइबर ठगी से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने की जानकारी दी गई।
पुलिस ने लोगों से कहा कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, PIN या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर समय गंवाए बिना 1930 पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
बैठक में पचपेड़ी, भटचौड़ा, चिल्हाटी, गोंडाडीह, बसंतपुर, , केवतरा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण एवं गणेश समिति के सदस्य उपस्थित रहे। पुलिस ने गणेश उत्सव के दौरान शांति, सद्भाव एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।

