बिनौरी में ग्राम सभा के साथ आंगन मिलन, पोषण अभियान और साक्षरता परीक्षा का आयोजन
पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिनौरी में 3 अक्टूबर 2026 को पंचायत भवन में ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सतकली बावरे, जनपद पंचायत मस्तूरी की कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रुचि विश्वकर्मा, पंच-सरपंच, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्राम सभा के दौरान जिला पंचायत सदस्य एवं कार्यक्रम अधिकारी ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, हितग्राहीमूलक कार्यों तथा वीबी-जी राम जी से संबंधित कार्यों के संबंध में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी। ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में भी जानकारी दी गई।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत बिनौरी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा चौपाल उत्सव एवं पोषण माह अभियान का आयोजन किया गया। हरदी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में कार्यक्रम आयोजित कर पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।
वहीं इंदिरापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 03 में भी आंगन मिलन सेवा चौपाल उत्सव मनाया गया। आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 01 में पोषण माह अभियान एवं सेवा संकल्प आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
डिप्रीपारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 02 में आयोजित आंगन मिलन अभियान के दौरान अन्नप्राशन एवं गोदभराई कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित पोषण और स्वास्थ्य के महत्व पर जानकारी दी गई।
इसके अलावा शासकीय प्राथमिक शाला बिनौरी में उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत परीक्षा का आयोजन किया गया। इन सभी कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों, महिलाओं एवं बच्चों को शासन की योजनाओं, शिक्षा, पोषण एवं जागरूकता से जोड़ने का प्रयास किया गया।


