ग्राम पंचायत लोहर्सी में भागवत कथा महापुराण यज्ञ में उमड़ा जनसैलाब
कथा वाचक पंडित रुपेश चौबे
पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पंचायत लोहर्सी में आयोजित सात दिवसीय भागवत कथा महापुराण यज्ञ के पांचवें दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज से आए भक्तों ने कथा श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कथा श्रवण करते हुए श्रद्धालु
कथा वाचक पंडित रुपेश चौबे ने प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब भगवान शिव, श्रीकृष्ण के बाल रूप के दर्शन करने आए, तब माता यशोदा ने अपने लल्ला के दर्शन कराने से मना कर दिया। माता यशोदा के वात्सल्य और प्रेम के आगे स्वयं भगवान शिव भी क्षणभर के लिए निराश हो गए—इस भावपूर्ण प्रसंग ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
इसी कड़ी में आज भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाह (रुक्मिणी विवाह) का भव्य आयोजन भी किया गया। विवाह प्रसंग के दौरान मंगल गीत, शंखनाद और भजन-कीर्तन से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान के विवाह उत्सव का साक्षी बनकर आनंद लिया।
आयोजन समिति व ग्रामवासियों के सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से चल रहा है। भागवत कथा के आगामी दिनों में भी श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहने की संभावना है।


