लोहरसी से पचपेड़ी पहुंच मार्ग बदहाल, 10 हजार लोगों की आवाजाही प्रभावित
चिल्हाटी, बोहारडीह, टांगर, विद्याडीह, भरारी, जलसों, शुकुलकारी और केवतरा के ग्रामीण परेशान
लोहरसी से चिल्हाटी, बोहारडीह, टांगर, विद्याडीह, भरारी, जलसों, शुकुलकारी और केवतरा होते हुए पचपेड़ी तक पहुंचने वाली सड़क की हालत इन दिनों बद से बदतर हो गई है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और खराब रास्ते के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि इस मार्ग से आसपास के कई गांवों के करीब 10 हजार लोगों का रोजाना आना-जाना होता है। ग्रामीणों के लिए यह मार्ग बाजार, स्कूल, अस्पताल, तहसील और अन्य जरूरी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके बावजूद सड़क की खराब स्थिति को लेकर जिम्मेदार विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को विशेष रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि लोहरसी से पचपेड़ी तक पूरे मार्ग का निरीक्षण कर जल्द सड़क की मरम्मत एवं आवश्यकतानुसार नवीनीकरण कराया जाए, ताकि हजारों लोगों को राहत मिल सके।
अब देखना होगा कि हजारों ग्रामीणों की इस समस्या पर जिम्मेदार अधिकारी कब तक संज्ञान लेते हैं और सड़क की तस्वीर कब बदलती है।
