दो घरों और कबीर आश्रम में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में आरोपियों को पकड़ा, 2.14 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद

 दो घरों और कबीर आश्रम में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

रतनपुर पुलिस ने चंद घंटों में आरोपियों को पकड़ा, 2.14 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद

रतनपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर घर और आश्रम में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर, कपड़े एवं नगदी सहित करीब 2 लाख 14 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, ढोलपारा निवासी बलराम बरगाह ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात में घर का दरवाजा बंद कर सोने के बाद सुबह उठने पर दरवाजा खुला मिला। घर में रखी पेटी से चांदी का लच्छा, ब्रेसलेट, चांदी की चैन, चूड़ा, सोने का मंगलसूत्र, फुल्ली, टॉप सहित करीब 10-12 साड़ियां चोरी हो गई थीं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई।

इसी प्रकार सदगुरु कबीर आश्रम रतनपुर के प्रार्थी प्रेमदास शास्त्री ने आश्रम के कमरे का ताला तोड़कर करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का छत्र चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई।

दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी रतनपुर निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने टीम गठित कर आरोपियों की पतासाजी शुरू की। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि दो व्यक्ति सोने-चांदी के सामान को कम कीमत में बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपियों ने दोनों स्थानों पर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, कपड़े एवं नगदी रकम बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामकुमार केंवट (35 वर्ष), निवासी ढोलपारा करैहापारा रतनपुर तथा जोतराम केंवट (28 वर्ष), निवासी खाल्हेपारा करैहापारा रतनपुर के रूप में हुई है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक देवानंद चन्द्राकर एवं आकाश डोंगरे का विशेष योगदान रहा।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने